कुमारसैन (रामपुर बुशहर)।
नारकंडा विकास खंड की डीब पंचायत के कचेड़ी में पौधरोपण अभियान चलाया गया। लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपमंडल अधिकारी कुमारसैन मुकेश शर्मा की अगुवाई में अभियान चलाया गया। आदि शक्ति माता कचेडी के जंगल में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत एक हेक्टेयर क्षेत्र में 830 देवदार के पौधे रोपे गए। अभियान में युवक मंडल कचेड़ी, स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल, कचेड़ी और घुमाना के ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने पौधरोपण कर अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया। एसडीएम मुकेश शर्मा ने पौधरोपण अभियान में शामिल सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने अभियान के तहत लगाए गए पौधों की निगरानी और देखरेख सुनिश्चित करने का आह्वान किया। अभियान के अंत में सभी ग्रामीणों ने रोपित पौधों के संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया। इस मौके पर तहसीलदार कुमारसैन दलीप शर्मा, वन विभाग के आरओ अरुण शर्मा, बीओ सुनील कुमार, वन रक्षक राजेश, अनिल सहित महिला मंडल, युवक मंडल और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रही।