. सड़क सुविधा से वंचित सैकड़ों किसान-बागवान, क्षेत्र में सालाना 20 से 25 हजार सेब पेटियों का होता है उत्पादन
. बागवानी मंत्री के आश्वासन के बाद भी शुरू नहीं हो पाया सड़क का निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। युला में बस अड्डे से बरबरंग होते हुए लवांग-चुलदेन तक प्रस्तावित करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र की करीब 150 बस्तियों में रहने वाले किसानों-बागवानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क सुविधा के अभाव में लोगों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। क्षेत्र में प्रतिवर्ष सेब की करीब 20 से 25 हजार पेटियों का उत्पादन होता है। ऐसे में सड़क सुविधा न होने से किसानों-बागवानों को सेब की ढुलाई सहित अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और बागवानी उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना भी आसान होगा। ग्रामीणों के अनुसार 22 दिसंबर 2025 को कैबिनेट मंत्री ने सड़क निर्माण की घोषणा की थी। इसके बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे लोगों में निराशा है। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण शुरू करने की मांग उठाई है। युला पंचायत प्रधान सुंदर नेगी, पूर्व पंचायत प्रधान दीवान सिंह नेगी, ग्राम विकास कमेटी अध्यक्ष अरुण नेगी, बागवेन मंदिर कमेटी अध्यक्ष रमेश शुवाल और पूर्व अध्यक्ष दिनेश शुवाल सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उधर, लोक निर्माण विभाग टापरी के सहायक अभियंता विद्या कुमार नेगी ने बताया कि सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शामिल किया गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।