मुख्य सड़क नित्थर से लेकर बूढ़ा महादेव मंदिर नित्थर तक काम शुरू। संवाद
पंचायत मुख्यालय और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
रेलिंग और सीमेट के चक्के बिछाने का काम शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। हजारों लोगों की आस्था के केंद्र नित्थर के बूढ़ा महादेव मंदिर के लिए रास्ते का निर्माण शुरू हो गया है। रास्ते में रेलिंग और सीमेट के चक्के बिछाए जा रहे हैं। पक्का रास्ता बनने से देहरा पंचायत मुख्यालय और मंदिर आने-वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। नित्थर उपतहसील की देहरा पंचायत के पंचायत घर के लिए और बूढ़ा महादेव मंदिर समेत देहरा गांव के लोगों के लिए पक्के रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। इसी रास्ते से देहरा पंचायत का मुख्यालय पड़ता है, जबकि क्षेत्र के आराध्य देवता बूढ़ा महादेव मंदिर के लिए लोगों का आना-जाना रहता है। स्थानीय लोग लंबे समय से रास्ते को सुधारने की मांग कर रहे थे। अब पंचायत ने रास्ते को पक्का करने का कार्य शुरू कर दिया है। क्षेत्र के हजारों लोगों सहित मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अब समस्याएं नहीं झेलनी पड़ेंगी। देहरा पंचायत की प्रधान सरोज बाला, उपप्रधान यशपाल कटोच ने बताया कि इस रास्ते के निर्माण कार्य के लिए रामपुर परियोजना से लाडा के तहत दस लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है, जिसकी पहली किस्त पांच लाख रुपये की प्राप्त हो चुकी है। उपायुक्त कुल्लू की ओर से पांच लाख रुपये और स्वीकृत किए जाएंगे।