निजी भवन में चल रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंगश। संवाद
बजट के अभाव में लटका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंगश के भवन का निर्माण
चार साल से फाउंडेशन से आगे नहीं बढ़ पाया कार्य, लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। कुंगश में चार साल से किराये के मात्र एक कमरे में अस्पताल चल रहा है। कुंगश के ग्रामीणों को उपचार सुविधा देने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोला गया, लेकिन इस अस्पताल को अपना भवन नहीं मिल पाया है। क्योंकि वन विभाग से स्वीकृति मिलने के बावजूद चार साल से भवन का निर्माण कार्य नींव से आगे नहीं बढ़ पाया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। बजट के अभाव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंगश के भवन का निर्माण कार्य लटक गया है। वर्तमान में मात्र किराये के एक कमरे में पीएचसी चल रहा है। इससे चिकित्सक और स्टाफ को तंग जगह में मरीजों का उपचार करना पड़ रहा है। इस अस्पताल में रोजाना 60-70 मरीजों की ओपीडी रहती है और ब्लड सैंपल भी यहीं लिए जाते हैं। खस्ताहाल और छोटे से कमरे में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना स्टाफ के लिए भी चुनौती बना हुआ है। वहीं, मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुंगश पंचायत प्रधान राकेश कुमार और संतोष कुमार ने कहा कि यह पीएचसी कराणा, कराणा-1, कुंगश, बिनन, मुंडदल, रोपा और पोखरी समेत अन्य पंचायतों के लिए केंद्र बिंदु है। प्रतिदिन मरीज यहां पहुंचते हैं, लेकिन भवन निर्माण में देरी से न सिर्फ लोग परेशान हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से तुरंत बजट का प्रावधान कर निर्माण कार्य को गति देने की मांग की है। बीएमओ आनी डॉ. भागवत मेहता ने बताया कि विभाग की ओर से भवन निर्माण के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है।