नेरवा के नेवटी में प्रस्तावित बाईपास पुल का निर्माण कार्य हुआ शुरू। संवाद
बाजार में जाम से मिलेगी राहत, 36 पंचायतों के हजारों लोगों को होगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)।
उपमंडल चौपाल के प्रमुख व्यापारिक केंद्र नेरवा बाजार को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित नेवटी बाईपास पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से लंबित इस परियोजना का काम शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। निर्माण कार्य करवा रहे ठेकेदार के अनुसार, पुल को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नेरवा बाजार की तंग सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने से आए दिन घंटों जाम लग रहा है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आपात स्थिति में जाने वाले वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है। बाईपास पुल का निर्माण पूरा होने के बाद भारी वाहनों समेत अन्य यातायात को बाजार के भीतर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे बाजार में वाहनों का दबाव कम होगा और नेरवा-चौपाल मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी सुचारु होने की उम्मीद है। इस परियोजना से नेरवा तहसील की 36 पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। ठेकेदार के अनुसार निर्माण कार्य के लिए मशीनरी और मजदूर तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो निर्धारित समय में पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।