सांगला से मंत्री जगत सिंह नेगी ने हस्ताक्षर कर शुरू किया वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान। स्रोत : का
सांगला से कांग्रेस का वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान शुरू
सांगला (किन्नौर)। केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान का शुभारंभ सांगला वैली से हुआ। वीरवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह ने सबसे पहले हस्ताक्षर कर इस अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की नींव जनता के विश्वास पर टिकी है, लेकिन वर्तमान मोदी सरकार ने जनता के विश्वास को बार-बार तोड़ा है। हिमाचल में इस अभियान को जन जागरण अभियान बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी कर रही है। महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव में कैसे वोट चोरी किए गए, राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ यह बात देश की जनता के समक्ष रखी है। अब इस अभियान के माध्यम से हिमाचल के हर गांव में लोगों को जागरूक किया जाएगा। लोगों को सच्चाई बताई जा रही है कि कैसे वोट चोरी किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में झूठे वादे, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की अनदेखी और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव जैसे मुद्दों ने देश की आत्मा को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता से वोट लेकर जनता के खिलाफ काम करने वाली सरकार को अब जवाब देना होगा और जनता की यही आवाज है वोट चोर, गद्दी छोड़। अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपने हस्ताक्षर कर आंदोलन को समर्थन दिया। आने वाले दिनों में यह अभियान जिले के अन्य क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर अपनी बात रख सकें। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमेश नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।