रामपुर बुशहर। गौरा-गोपालपुर कांग्रेस जोन के बूथ अध्यक्ष बूथ में होने वाले विकास कार्यों का खाका तैयार करें। इन कार्यों की सूची एक सप्ताह में सौंपी जाए। यह बात बुधवार को गौरा-गोपालपुर कांग्रेस जोन की मासिक बैठक में जोन अध्यक्ष देवी सिंह ठाकुर ने कही। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह को लोक निर्माण विभाग और खेल मंत्री बनाने पर बधाई दी गई। उनके मंत्री बनने की खुशी में कार्यकर्ताओं ने नाटी भी डाली।
बैठक में कांग्रेस जोन गौरा-गोपालपुर के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और बूथ कमेटी के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सभी सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों ने रामपुर विधानसभा से लगातार चौथी बार जीतकर विधानसभा पहुंचे विधायक नंदलाल को मंत्रिमंडल में उचित पद देने की मांग उठी। इस मौके पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अधिवक्ता डीडी कश्यप, ओम प्रकाश नेगी, विनोद चौहान, कृष्ण ठाकुर और अनिल चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।