कोटखाई (रोहड़ू)। उपमंडल मुख्यालय के कोटखाई बाजार में जाम की समस्या विकराल हो गई है। रोजाना राहगीरों और स्कूलों के बच्चों को जाम से परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों, खासकर पिकअप की आवाजाही से जाम की स्थिति और गंभीर बन रही है। हालांकि, अब सेब सीजन समाप्ति पर है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय जब स्कूल खुलते हैं और बंद होते हैं, उस समय अधिक जाम लगता है। लोगों को बाजार से बाहर निकलने में एक घंटे तक का समय लग जाता है। इससे न सिर्फ बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहती है, बल्कि दुकानदारों और राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत और प्रशासन से लोगों ने कई बार मांग उठाई कि बाजार से पिकअप की आवाजाही पर रोक लगाई जाए और इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए, लेकिन प्रशसन की ओर से पहल नहीं हो रही। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और बिगड़ सकती है।