आनी खंड की विभिन्न पंचायतों और संस्थानों में स्वच्छता अभियान चलाने को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत आनी खंड की विभिन्न पंचायतों और संस्थानों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 सितंबर से लेकर एक अक्तूबर तक कार्यक्रम तय किए गए हैं। 28 से 30 सितंबर तक स्वच्छता कार्यक्रमों का निरीक्षण किया जाएगा। ग्रामसभा में लोगों को स्वच्छता और साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया जाएगा। इस कड़ी में एसडीएम सभागार में एसडीएम नरेश वर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बीडीओ आनी अमनदीप सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की। एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के उद्देश्यों सबकी भागीदारी, संपूर्ण स्वच्छता आदि को प्राप्त करने के लिए पूर्ण तत्परता के साथ अभियान को सफल बनाया जाए। बैठक में सुझाव प्रस्तुत किया कि दूरदराज के स्कूलों में स्वच्छता रैलियों का आयोजन हो, ताकि स्वच्छता का संदेश सभी क्षेत्रों में दिया जा सके। बीडीओ आनी अमदीप सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, कार्यालयों, विभिन्न संस्थानों के भवनों, सार्वजनिक परिवहन के स्थानों, पर्यटक एवं धार्मिक स्थानों, प्राकृतिक जलस्रोतों आदि में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान को लेकर सोशल मीडिया पर हैशटैग चलाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया और संबंधित स्टेकहोल्डर को भी इस संबंध में निर्देश दिए गए। अभियान के तहत 16 से 21 तक जलस्रोतों को साफ करने और प्लास्टिक कचरा को एकत्र करने का अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर सीडीपीओ आनी इंद्र सिंह गर्ग, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य अमर चौहान सहित स्वास्थ्य और जलशक्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।