कूड़ा-कचरा खुले में लगाया जा रहा ठिकाने
सुलभ शौचालय दो सप्ताह से बंद, लोग झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। दलाश बाजार में इन दिनों सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। सफाई कर्मचारी न होने के कारण खुले में कूड़ा ठिकाने लगाया जा रहा है और सुलभ शौचालय भी बंद पड़ा है। वहीं, दलाश बाजार सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक यातायात के लिए बंद रहता है, ये भी वाहनों के लिए खुला पड़ा है, जिस कारण बाजार में दिन के समय भी वाहनों की आवाजाही रह रही है। दलाश बाजार क्षेत्र की करीब 10 पंचायतों का केंद्र है। हर रोज यहां लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था चरमराने से बाजार में खुले में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई व्यवस्था न होने के कारण दुकानदारों को स्वयं दुकान के बाहर बाजार में झाड़ू लगाना पड़ रहा है। दलाश बाजार साफ-सुथरा रहे। इसके लिए पंचायत ने सभी दुकानदारों से 100 रुपये प्रति माह सुनिश्चित किए थे, लेकिन बीते दो सप्ताह से सफाई व्यवस्था ठप पड़ी है। दलाश बाजार के व्यपारी मेहर चंद, सुनील, प्रकाश, तरसेम और देवराज चौहान सहित अन्य लोगों ने पंचायत से मांग की है कि सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। सुलभ शौचालय की भी लोगों को सुविधा मिले। दलाश पंचायत के प्रधान सत्येंद्र शर्मा ने कहा कि दलाश बाजार में व्यापारियों से जो शुल्क निर्धारित किया है, उसमें से कुछ दुकानदार शुल्क नहीं दे रहे हैं। इस कारण सफाई कर्मचारी को निर्धारित राशि पूरी नहीं हो पा रही है। पंचायत और व्यापार मंडल की बैठक जल्द आयोजित होगी, ताकि जल्द समस्या का समाधान हो सके। सुलभ शौचालय में मरम्मत का कार्य चला हुआ है। जल्द शौचालय को खोला जाएगा। दलाश बाजार जो कि सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक यातायात के लिए बंद रहता है, इस पर लगी चैन के ताले शरारती तत्वों ने तोड़ दिए हैं। अब इसके स्थायी समाधान की व्यवस्था की जा रही है। शरारती तत्वों के खिलाफ भी पंचायत एफआईआर दर्ज करेगी।