रामपुर बुशहर। रामपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान लगातार जारी है। नगर परिषद के अध्यक्ष करण शर्मा ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयासों से नहीं, बल्कि सभी के सहयोग से बनेगा। नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान वार्ड नंबर-3 स्थित जानकी माई मंदिर के आसपास, मुख्य बाजार, डकोलढ़, कल्याणपुर, रचोली और पिपटी सहित अन्य क्षेत्रों में जारी है। करण शर्मा ने लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने की अपील की। उन्होंने आग्रह किया कि कूड़ा संग्रहण वाहन आने पर उसी में कचरा डालें। जिन क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण वाहन नहीं पहुंच रहा है, वहां के लोगों से शिकायत दर्ज करवाने को कहा गया है। इससे संबंधित क्षेत्र में व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। नगर परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले को स्वच्छ बनाना है।