रिकांगपिओ (किन्नौर)। ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और ईको क्लब ने संयुक्त रूप से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में 30 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। उन्होंने महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी यशवंत राणा और ईको क्लब की संयोजक सिद्धेश्वरी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विजय संसपाल, अभिषेक और अनुराधा भी उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के खेल मैदान, साइंस ब्लॉक और मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास उगी अवांछित भांग की झाड़ियों को हटाया। उन्होंने खरपतवार, प्लास्टिक और अन्य गैर-जैविक कचरे का संग्रह कर उचित निस्तारण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्त भारत के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य उत्तम सिंह चौहान ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की।