. नीरथ, झाकड़ी, बिथल और रामपुर में किए विरोध-प्रदर्शन
विज्ञापन
. वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी की रिहाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की ओर से किए जा रहे सैन्य आक्रमण और बमबारी की सीटू ने कड़े शब्दों में निंदा की है। सोमवार को सीटू कार्यकर्ताओं ने नीरथ, झाकड़ी, बिथल और रामपुर के चौधरी अड्डे में इस हमले के विरोध में प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के जरिये कार्यकर्ताओं ने इन हमलों को रोकने और वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी की गुहार की मांग की। कार्यकर्ताओं ने अमेरिका सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस निंदनीय घटना को वेनेजुएला के लोगों के संप्रभु अधिकारों का उल्लंघन बताया। इस दौरान सीटू शिमला जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, सीटू समन्वय समिति रामपुर के संयोजक दिनेश मेहता, नीलदत्त शर्मा, काम राज, मिलाप नेगी, राजपाल, अजय शर्मा, सुनील जिष्टू और देविंद्र ने संबोधित किया। सीटू ने अमेरिका के हमले के खिलाफ और लैटिन अमेरिका के लोगों के साथ एकजुटता में देशभर में विरोध की अपील की है। साथ ही राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की तत्काल रिहाई की मांग उठाई है। साथ ही भारत सरकार से आग्रह किया है कि वह साम्राज्यवादी आक्रमण के खिलाफ सैद्धांतिक रुख अपनाएं।
वेनेजुएला पर हुए हमले के विरोध में रामपुर में विरोध प्रदर्शन करते सीटू कार्यकर्ता। स्रोत : सीटू