संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। क्रिसमस और नव वर्ष पर किन्नौर में काफी संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है। सर्दी का मौसम होने के कारण इस दौरान बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे जिले में आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में जिला पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। किन्नौर पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस ने कहा कि जिला किन्नौर में आने से पहले अपने होटल, होम स्टे आदि की अग्रिम बुकिंग करवा लें अन्यथा उन्हें रहने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। पर्यटकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके वाहन एंटी-स्किड टायर, स्नो चेन से लैस हों और ब्रेक फंक्शन उचित रूप से काम कर रहे हों। इसके अलावा अतिरिक्त टायर, जैक और अन्य आवश्यक उपकरण साथ रखें। गर्म कपड़े, कंबल, भोजन, ऑक्सीजन सिलिंडर, पीने का पानी और प्राथमिक चिकित्सा किट आदि अपने साथ रखें। इसके अलावा टॉर्च और पावर बैंक के साथ पूरी तरह से चार्ज मोबाइल फोन रखें और ऊंचे पहाड़ों पर न जाएं। नियमित रूप से आधिकारिक सरकारी वेबसाइटों पर मौसम के पूर्वानुमान और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही जिला किन्नौर का भ्रमण करें। भारी बर्फबारी या प्रतिकूल मौसम की स्थिति के दौरान, रात के समय यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। क्योंकि इस दौरान दृश्यता कम होती है और पहाड़ों से पत्थर गिरने की संभावना रहती है। बर्फीली या बर्फ से ढकी सड़कों पर जाने से बचें। इसके अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर बर्फीली सड़कों पर धीरे-धीरे और सावधानी से गाड़ी चलाएं। अन्य वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अचानक ब्रेक लगाने या गति बढ़ाने से बचें। ढलान पर गाड़ी चलाते समय कम गियर का उपयोग करने से स्किडिंग को रोकने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा किसी भी आपातकालीन स्थिति में 112, 01786-222873 और 01786-223152 पर संपर्क कर सकते हैं।