सड़कों पर फिसलन बरकरार, प्रशासन ने लोगों को दी एहतियात बरतने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी चौपाल (रोहड़ू)। बर्फबारी के बाद अवरुद्ध चौपाल-शिमला मार्ग रविवार को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गया है। हालांकि अभी भी मार्ग पर फिसलन बरकरार है। वहीं चौपाल क्षेत्र में करीब आधा दर्जन संपर्क सड़कों पर दूसरे दिन भी बसों की आवाजाही नहीं हो पाई। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसमें खिड़की-मड़ोग, पुजारली-माटल, सरांह, चौपाल-झिन्ना, झोखड़ मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों पर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मिट्टी व रेत बिछाने के कार्य में जुटे हैं। एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने बताया कि यातायात सामान्य बनाने के लिए जेसीबी, डोजर, टिपर और मजदूरों की तैनाती की गई है। चौपाल-शिमला मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है। क्षेत्र के अन्य सभी मार्गों को खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बर्फ के कारण फिसलन है। लोग अनावश्यक यात्रा और वाहन चलाने की कोशिश न करें। खराब सड़कों पर हादसे की आशंका रहती है।