थुंदल पंचायत के चलौंथा में लंपी वायरस से ग्रसित पशु।।
- फोटो : RAMPUR-HP
चौपाल (रोहडू़) चौपाल उपमंडल की ग्राम पंचायत किरण के बाद थुंदल पंचायत के चलौंथा गांव में भी मवेशियों में लंपी वायरस के लक्षण पाए गए हैं। इससे क्षेत्र के पशुपालकों की चिंताएं बढ़ गई है। अगर यह वायरस बढ़ता है तो पशुपालकों को नुकसान झेलना पड़ेगा। इससे पूर्व किरण पंचायत में 35 महिलाओं में 35 मवेशियों में लंपी वायरस के लक्षण पाए गए हैं। चिंता की बात यह है कि अब यह रोग धीरे-धीरे अन्य पंचायतों में सामने आ रहा है। चलौंथा में लक्षण दिखने के बाद स्थानीय लोगों ने पशुपालन विभाग चौपाल से मांग उठाई कि मवेशियों के इलाज के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
कार्यवाहक पशु चिकित्सा अधिकारी पशुपालन मंडल चौपाल डॉ. दिव्या राणा ने बताया कि इस संक्रमण से बचाव, रोकथाम, उपचार और सावधानियों से संबंधित इश्तहार से जागरुकता सामग्री सभी पशु चिकित्सालयों और औषधालयों को भेजी जा चुकी है। पशुपालन मंडल चौपाल के चीफ फर्मासिस्ट इंद्र सिंह ने बताया कि पशु चिकित्सालय पुलवाहल और पशु औषधालय थुंदल के प्रभारी को इस बारे में सूचित कर तुरंत चिकित्सा करने और टीकाकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।