रामपुर बुशहर। रामपुर के साथ लगते बजीर-बावड़ी में एक व्यक्ति को 3.60 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी हरीश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम वीरवार देर शाम को बजीर-बावड़ी क्षेत्र के बोना बाइपास में गश्त पर थी। इस दौरान डकोलढ़ से वजीर-बावड़ी संपर्क मार्ग पर आ रहा एक व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर घबरा गया और पीछे मुड़कर उसने झाड़ियों में संदिग्ध वस्तु फेंकी। संदेह के आधार पर पुलिस ने व्यक्ति को पकड़ा लिया और झाड़ियों में फेंक वस्तु बरामद की। यह एक प्लास्टिक की थैली थी, जिसमें 3.60 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस ने उसी वक्त उगम राम निवासी अवेरी, डाकघर नोगली, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया। उधर, डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने कहा कि व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।