ठियोग (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोग में विद्यार्थियों के लिए विशेष स्काई गेजिंग और खगोल विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को टेलीस्कोप के माध्यम से शनि ग्रह के वलयों और उसके प्रमुख चंद्रमा टाइटन को प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिला। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की शिक्षिका मीनाक्षी चौधरी के प्रयासों से किया गया। इसमें शूलिनी विश्वविद्यालय से वैज्ञानिक एवं खगोल विज्ञान विशेषज्ञ पूजा ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के पहले चरण में विद्यालय की लाइब्रेरी में करीब डेढ़ घंटे का जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को सौरमंडल, ग्रहों, तारों, क्षुद्रग्रहों, आकाशगंगा और तारामंडलों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि आकाश में कुल 88 आधिकारिक तारामंडल मान्यता प्राप्त हैं। इसके बाद टेलीस्कोप के माध्यम से स्काई गेजिंग करवाई गई।