. कार्यकर्ता के तीन और सहायिका के आठ पद भरे जाएंगे, पंचायत स्तर पर जारी की गई सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय चौपाल ने मिशन शक्ति योजना के तहत संचालित क्रेच केंद्रों में रिक्त 11 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें क्रेच कार्यकर्ता के तीन और क्रेच सहायिका के आठ पद शामिल हैं। इच्छुक महिला अभ्यर्थी 18 नवंबर तक आवेदन कर सकती हैं। कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार क्रेच कार्यकर्ता के पद मशरांह, धनत और गढ़ा केंद्रों में भरे जाएंगे। वहीं, क्रेच सहायिका के पद चोंरी, मशरांह, नूईनल, मंढोचली, टिक्करी, धबास, खादर और तरशाणु केंद्रों में भरे जाएंगे। प्रत्येक केंद्र में एक-एक पद भरा जाना है। भर्ती के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज सहित सादे कागज पर आवेदन करना होगा। आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय चौपाल में निर्धारित तिथि तक जमा करवाए जा सकते हैं। चयन प्रक्रिया के लिए सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्क्रीनिंग कमेटी और जांच समिति का गठन किया गया है। इसमें उपमंडलाधिकारी (ना.) चौपाल अध्यक्ष होंगे, जबकि बाल विकास परियोजना अधिकारी चौपाल और तहसील कल्याण अधिकारी चौपाल के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल होंगे।