फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: चौपाल स्कूल के लिए मुख्यमंत्री ने की पांच करोड़ रुपये की घोषणा

विज्ञापन
विधानसभा की कार्यवाही देखकर मुख्यमंत्री के साथ चौपाल स्कूल के विद्यार्थी। संवाद
विज्ञापन
पीएमश्री चौपाल स्कूल के 58 विद्यार्थियों और छह अध्यापकों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल के 58 विद्यार्थियों और छह अध्यापकों ने वीरवार को शिमला में विधानसभा की कार्रवाई का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रदेश की लोकतांत्रिक एवं संसदीय व्यवस्था समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर स्कूल की मांगों पर आभार जताया। मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने प्राइमरी विंग के द्वितीय तल के लिए 20 लाख रुपये भी मंजूर किए। इसके अतिरिक्त, स्कूल मैदान के समतलीकरण, कंप्यूटर प्रयोगशाला और सभी कक्षाओं में स्मार्ट पटल उपलब्ध करवाने के लिए राशि देने का एलान किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन सुविधाओं को जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों ने चौपाल स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने, दिवसीय आवासीय विद्यालय घोषित करने और रसायन विज्ञान प्रवक्ता का पद भरने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सीबीएसई पद्धति के अनुसार संगीत, इतिहास, कंप्यूटर, मनोविज्ञान, संस्कृत और समाजशास्त्र सहित अन्य विषयों के अध्यापकों के पद भी जल्द भरे जाएंगे। प्रधानाचार्य हरी शर्मा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने विधानसभा में चल रही बहस और सदन की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। इस दौरान विद्यार्थियों को चाय और जलपान भी करवाया गया। प्रधानाचार्य हरी शर्मा ने बताया कि विद्यार्थी शिक्षा मंत्री से भी मिलना चाहते थे, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। विद्यार्थियों और अध्यापकों ने प्रेस के माध्यम से शिक्षा मंत्री का आभार जताया। उन्होंने अतिरिक्त अध्यापकों के पद स्वीकृत करने और चौपाल में वॉलीबॉल खेल छात्रावास खोलने के लिए धन्यवाद दिया। प्राइमरी विंग भवन के लिए 25 लाख रुपये जारी करने, खेल छात्रावास का उद्घाटन और 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन का शिलान्यास करने के लिए भी आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य हरी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के सहयोग से पीएम राजकीय चौपाल स्कूल में शैक्षणिक और खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों और चौपाल की जनता की ओर से दोनों का आभार व्यक्त किया। यह दौरा विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा। स्कूल के विकास के लिए मिली घोषणाएं क्षेत्र के लिए लाभकारी होंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें