खस्ताहालत सड़क से ग्रामीणों को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जिगाह वैली की जीवन रेखा माने जाने वाली चिड़गांव-चिलाला सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। इससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गड्डों से भरे मार्ग पर वाहनों को चलाना मुश्किल हो गया है। पांच किलोमीटर लंबी चिड़गांव-चिलाल सड़क का प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत साल 2014 में निर्माण हुआ था। सड़क को वर्ष 2021 में पक्का किया गया था। सड़क पर करीब 2.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए। आज सड़क पर टारिंग पूरी तरह से उखड़ चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं। चिड़गांव-चिलाला सड़क पर जहां जहां मेटलिंग का कार्य किया गया था। वहां अब गड्ढे पढ़ गए हैं। इससे सड़क निर्माण कार्य भी सवालों के घेरे में है। इस सड़क से पुजाली, चिलाला, डुंगयानी, भेतयाणी, मटवाणी, विशाली, जखनोटी, हांऊचली सहित एक दर्जन गांव लाभान्वित होते हैं। लोक निर्माण विभाग चिड़गांव उपमंडल के सहायक अभियंता विजय ठाकुर ने कहा कि सड़क काफी खराब हो गई है। शीघ्र ही सड़क की मरम्मत का कार्य करवाया जाएगा।