संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल उपमंडल के धरमाणा और भोराड़ा गांव की पेयजल योजना में शरारती तत्वों के दुर्गंधयुक्त रासायनिक पदार्थ मिलने का मामला सामने आया है। इस बारे में जलशक्ति विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जलशक्ति विभाग को सूचना दी कि पीने के पानी से दुर्गंध आ रही है। उसके बाद जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता और कार्य निरीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों के घरों में रखीं टंकियों की जांच की गई, तो पानी में झाग बना हुआ था और दुर्गंध आ रही थी। विभाग ने अंदेशा लगाया है कि किसी बागवान ने स्प्रे करने के लिए पानी की मुख्य लाइन को तोड़ा है, जहां से कुछ मात्रा में स्प्रे में इस्तेमाल होने वाली दवाई पेयजल लाइन में आई है। मौके से पानी के सैंपल लिए गए हैं। विभाग ने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है।
विभाग ने पानी के तीन सैंपल मौके से भरे थे। इसमें दो सैंपल ठीक आए हैं और एक सैंपल की रिपोर्ट आनी है।
- संजय मोक्टा, सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग
जलशक्ति विभाग की शिकायत आने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- प्रणव चौहान, डीएसपी रोहड़ू