तकलेच अस्पताल में दो डॉक्टरों की तैनाती के हुए आदेश, जल्द सुधरेगी स्वास्थ्य सुविधाएं। संवाद
प्राथमिक उपचार के लिए भी ग्रामीणों को जाना पड़ रहा था 50 किलोमीटर दूर रामपुर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
उपमंडल की उपतहसील तकलेच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में दो चिकित्सकों की तैनाती हो गई है। इससे उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र की आठ पंचायतों के ग्रामीणों को राहत मिली है। ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए भी 50 किलोमीटर दूर रामपुर जाना पड़ रहा था। सरकार ने सीएचसी तकलेच में दो चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। तकलेच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डेढ़ वर्ष से चिकित्सकों के पद रिक्त पड़े थे। ग्रामीणों को बिना उपचार करवाए मायूस होकर लौटना पड़ता था। इस अस्पताल से उपमंडल की दुर्गम आठ पंचायतों तकलेच, दरकाली, देवठी, कूहल, काशापाट, मुनिश, नरैण और बाहली के ग्रामीणों को लाभ मिलता है। 30 बिस्तरों की सुविधा वाले इस अस्पताल में डॉक्टर न होने के कारण ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारी के उपचार के लिए भी तकलेच से 20 और कूहल व काशापाट से 50 किलोमीटर दूर रामपुर जाना पड़ रहा था। स्वास्थ्य सुविधाएं चरमराने से ग्रामीणों में सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी रोष था। अभी चिकित्सकों ने ज्वाइनिंग नहीं दी है, लेकिन ग्रामीणों को राहत है कि अब उन्हें उपचार के लिए रामपुर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों को अतिरिक्त सफर, आर्थिक परेशानी नहीं झेलनी पड़ेंगी। खासकर, गरीब तबके के मरीजों को उपचार के लिए दर दर नहीं भटकना पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने कहा कि दुर्गम और ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए सरकार काम कर रही है। रामपुर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में आठ डॉक्टरों की तैनाती हुई है। अब उपतहसील तकलेच के तहत आने वाले ग्रामीणों को घरद्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।