चौपाल (रोहड़ू)। बारिश और बर्फबारी के चलते मंगलवार रात से बंद पड़ा चौपाल-शिमला मार्ग बहाल हो गया है। खिड़की-चंबी के बीच मार्ग अवरुद्ध होने से कई छोटे वाहन और बसें रास्ते में फंसी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की ओर से लगातार राहत कार्य चलाए जाने के बाद दोपहर करीब तीन बजे मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया। साथ ही छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। हालांकि, क्षेत्र के कुछ स्थानीय मार्गों पर अभी भी असर देखा गया, लेकिन अधिकांश रूटों पर यातायात सामान्य हो गया है। शिमला से चौपाल आने वालीं बसें शाम करीब 5:00 बजे चौपाल पहुंचीं, जबकि चौपाल से शिमला के लिए कोई भी बस सेवा शुरू नहीं हो सकी। चौपाल-झीना, माटल, थुंदल, बमटा और देवत समेत करीब 30 रूट मौसम की मार के चलते बंद रहे। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शक्ति नेगी ने बताया कि चौपाल-देहा मार्ग पर विभाग की तीन मशीनें और मजदूर लगातार कार्य में जुटे हुए हैं। मुख्य मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है, जबकि अन्य संपर्क मार्गों को बहाल करने का कार्य भी तेजी से जारी है।