हिमपात से बंद पड़ा चौपाल शिमल मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू) । बर्फवारी के चलते चौपाल-शिमला मार्ग देहा और चौपाल के बीच बंद हो गया है, वहीं लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। पहाड़ियों पर एक से डेढ़ फीट तक बर्फबारी होने से पूरा क्षेत्र शीत लहर की चपेट में आ गया है। चौपाल-शिमला मार्ग पर चौपाल से देहा के बीच रीयूणी, छारकी, खिड़की और चंबी में एक फीट के करीब बर्फबारी हुई, जिससे सुबह से ही वाहनों की आवाजाही ठप हो चुकी है। सड़क पर फिसलन के चलते चौपाल और नेरवा से कोई भी बस शिमला नहीं भेजी गई है और न ही शिमला से चौपाल कोई बस पहुंच पाई है। वीरवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी के चलते चौपाल-शिमला मार्ग की बहाली का कार्य भी नहीं हो पाया। एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा ने कहा कि बर्फबारी के चलते चौपाल-देहा मार्ग बंद हो चुका है। मार्ग के बहाली के लिए मशीनरी और लोक निर्माण विभाग के मजदूर तैनात हैं, लेकिन रुक-रुककर हो रही बर्फबारी के चलते सड़क खोलने का कार्य बाधित हो रहा है। बर्फबारी रुकने पर बर्फ हटाकर और रेता डालकर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया जाएगा।