संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। पुलिस ने चरस के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। चौपाल पुलिस ने बाहलधार कैंची पुलबाहल और मिनस में चरस के साथ दो युवकों को दबोचा है। जानकारी के अनुसार, पहले मामले में पुलिस की टीम धबास, सरांह और मड़ाहलानी क्षेत्रों में गश्त पर थी। इस दौरान बाहलधार कैंची के पास एक व्यक्ति को रूटीन चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 47.800 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान चौपाल के पुलबाहल के गांव चौराधार निवासी श्याम सिंह के रूप में हुई है। दूसरे मामले में थाना प्रभारी कुपवी रविंद्र सिंह के नेतृत्व में कुपवी पुलिस ने मीनस पुल में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, तो सिरमौर जिले की तहसील शिलाई, कांडों भटनोल के गांव बुगयारी निवासी 24 वर्षीय किनु उर्फ किनेश से 92 ग्राम चरस बरामद की। मोटरसाइकिल को सिरमौर जिले की कमराऊ तहसील के गांव जामना निवासी 26 वर्षीय कमलेश चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ चौपाल सुशांत शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।