रामपुर बुशहर। न्यू राइजिंग स्टार क्लब दोफदा की ओर से आयोजित 12वीं क्रिकेट प्रतियोगिता पर काली इलेवन चांदपुर ने कब्जा जमाया है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में चांदपुर की टीम ने काओबिल टीम को 70 रनों से मात दी। मुख्यातिथि सेवानिवृत थाना प्रभारी चमन नेगी ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया। खिताबी मुकाबले में चांदपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में 131 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी काओबिल की टीम मात्र 61 रनों पर ही सिमट गई। विजेता टीम चांदपुर को एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उप विजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी के इनाम से सम्मानित किया। काओबिल के अवनीश को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में पंचायत प्रधान दोफदा त्रिलोक शर्मा, कैलाश कायथयान, विजय सिंह कड्डा, आगर दास कायथयान सहित अन्य मौजूद रहे।