राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य आसूचना ब्यूरो के दल ने जनजातीय जिला किन्नौर का दौरा किया। दल का नेतृत्व ब्यूरो की उप निदेशक दीक्षा सचदेवा ने किया। इसके अतिरिक्त केंद्रीय दल में कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी अभिषेक सिंह और शेष कुमार मौर्या मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सुधीर नेगी ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया गया। केंद्रीय दल ने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, डाटा प्रबंधन एवं अनुवीक्षण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. सुधीर नेगी ने बताया कि केंद्रीय दल ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी स्वास्थ्य सूचनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर प्रकाश डाला।