बधाल में एनएच 5 पर हुए अवैध कब्जों की नाप नपाई करता दल। संवाद
. संयुक्त विभागीय कार्रवाई से कब्जाधारकों में डर
. आज नोगली से निरसू की ओर होगी अवैध कब्जों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में नेशनल हाईवे-पांच पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद जिला प्रशासन ने अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उपमंडल रामपुर में अभी तक अवैध कब्जों के 278 मामले सामने आ चुके हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इन सभी कब्जाधारकों को एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने के आदेश जारी किया है। रामपुर उपमंडल में एनएच-पांच से अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई चल रही है। रामपुर नगर परिषद क्षेत्र से शुरू हुई यह कार्रवाई शिमला की ओर नोगली और किन्नौर की ओर बधाल तक पहुंच गई है। एनएचएआई, राजस्व विभाग, पुलिस और स्थानीय पंचायत के सहयोग से अवैध कब्जों की पहचान कर कब्जाधारकों को नोटिस दिए जा रहे हैं। एनएच पर अभी तक 278 अवैध कब्जों की पहचान की हो चुकी है। संयुक्त विभागीय दल ने ज्यूरी के साथ लगते बधाल में अवैध कब्जों की जांच की और इस दौरान कुल 28 मामले सामने आए। एकाएक हुई संयुक्त विभागीय कार्रवाई से कब्जाधारकों में हड़कंप गया। सभी कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर कब्जा हटाने को कहा गया है। अब मंगलवार को नोगली से निरसू की ओर संयुक्त विभागीय दल अवैध कब्जों की पहचान करेगा। एनएचएआई ज्यूरी के सहायक अभियंता करतार शर्मा ने बताया कि बधाल में हुई कार्रवाई के दौरान 28 अवैध कब्जों की पहचान हुई है। सभी को एक सप्ताह में कब्जा हटाने के नोटिस जारी किए गए हैं।