रामपुर थाना में चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज
रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र के डकोलढ़ में आपसी विवाद के बाद एक परिवार के तीन सदस्यों पर हथौड़े से हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला और उसके बेटे को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि महिला के पति को साधारण चोटें आई हैं। रामपुर थाना ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रुकमणी ने आरोप लगाया है कि 10 अक्तूबर को राधा देवी के साथ उसका विवाद हुआ। उसी रात को विनोद, राजू और एक अज्ञात व्यक्ति ने डकोलढ़ में उस पर, उसके पति सीतांबर प्रसाद और बेटे अनिकेत कुमार पर हथौड़े से हमला कर दिया। घटना के बाद घायलों का खनेरी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया गया। अस्पताल की अंतिम मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, सीतांबर प्रसाद को साधारण चोटें आई हैं। वहीं, अनिकेत कुमार के सिर की पिछली हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है। शिकायतकर्ता रुकमणी को भी गंभीर और साधारण चोटें आई हैं। उसकी मेडिकल रिपोर्ट में सिर की सामने वाली हड्डी में फ्रैक्चर और ईडीएच (एपिड्यूरल हेमेटोमा) की पुष्टि हुई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना रामपुर में 12 अक्तूबर की शाम को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस थाना रामपुर में चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 117(2) और 3(5) के तहत विनोद, राजू, राधा देवी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच मुख्य आरक्षी हरीश कर रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।