हादसे में दूसरा व्यक्ति हुआ घायल, आईजीएमसी रेफर
सोमवार रात को हुआ हादसा, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)।
चौपाल उपमंडल के थरोच-भरमाणा मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। कार लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। निसान मैग्नेट कार (एचपी-08ए-6406) थरोच से भरमाणा की ओर जा रही थी। सनणू के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में भरमाणा गांव निवासी मनोज कुमार (30) की मौके पर ही मौत हो गई। मोकना गांव निवासी बलवीर सिंह (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बलवीर सिंह को सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। मृतक मनोज कुमार का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल नेरवा में किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू किए। तहसीलदार नेरवा कुश कुमार ने मृतक के परिजनों को 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी। घायल बलवीर सिंह को भी 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पुलिस ने इस दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। वाहन चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण की जांच की जा रही है।