संवाद न्यूज रामपुर। लुहरी सुन्नी मार्ग पर वीरवार देर शाम कार के सतलुज में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि दो लोगों को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। मृतकों में दंपती भी शामिल है। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद बचाव कार्य को शुरू किया गया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक घटना वीरवार देर शाम की है जब कार में सवार होकर पांच लोग रामपुर की ओर जा रहे थे। इसी बीच महोल के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सतलुज में गिर गई। हादसे में तीन लोगों ने दम तोड़ दिया जबकि दो घायल हो गए। मृतकों की पहचान अभय कुमार पुत्र देवराम नेगी निवासी गांव दाखो, रिकांगपिओ जिला किन्नौर, वंशिका पत्नी जितेश निवासी गांव जानी, टापरी तहसील निचार जिला किन्नौर और जितेश निवासी जानी, टापरी तहसील निचार जिला किन्नौर के रूप में हुई है। घायलों में राहुल कृष्ण पुत्र राधा सिंह निवासी तांगलिंग कल्पा किन्नौर और अंशुल फनियान पुत्र राधे श्याम निवासी रिब्बा मोरंग जिला किन्नौर शामिल हैं। दोनों अस्पताल में उपचाराधीन हैं। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।