ठियोग के धरेच में दुर्घटनाग्रस्त हुई कार। संवाद
रात को हुआ हादसा, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के धरेच में बुधवार रात को एक कार खाई में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुट गई है। बुधवार रात को कार एचपी 01 एम-2385 में सवार होकर ठियोग के सतोग, गांव हरमल निवासी रमेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश धरेच की ओर जा रहा था। जैसे ही कार धरेच गांव के पास पहुंची, तो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इस हादसे में कार सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक रमेश कुमार को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस थाना ठियोग को दी और सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से पुलिस के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से मृतक को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाया। वीरवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।