. रामपुर और कुमारसैन उपमंडल के लिए आयोजित शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया हुई पूरी
विज्ञापन
. अब उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का होगा दस्तावेज सत्यापन, जल्द घोषित होगी तिथि . दोनों उपमंडलों के 19 पदों के लिए 208 अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन . रविवार को रामपुर के पुरुष अभ्यर्थियों ने भर्ती के लिए बहाया पसीना संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। ग्रामीण इलाकों में पशु पालन सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए पशु मित्र भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। रामपुर और कुमारसैन उपमंडल के अभ्यर्थियों के लिए दो दिन तक शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया आयोजित की गई। पशु मित्रों के कुल 19 पदों के लिए 151 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें से कुल 93 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अब चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच होगी। जल्द ही इसकी तिथि भी घोषित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 208 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। 52 महिला अभ्यर्थियों में से 33 महिला अभ्यर्थी और 99 पुरुष अभ्यर्थियों में से 60 पुरुष अभ्यर्थी आगामी चरण के लिए उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। यह भर्ती प्रक्रिया कुमारसैन उपमंडल के 4 पदों और रामपुर उपमंडल के 15 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। शनिवार को कुमारसैन उपमंडल के अभ्यर्थियों और रामपुर उपमंडल की महिला अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। वहीं रविवार को उपमंडल के विभिन्न इलाकों से आए युवाओं ने पाटबंगला मैदान में पसीना बहाया। भर्ती प्रक्रिया के तहत महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1500 मीटर और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 30 मिनट में 5 हजार मीटर दौड़ पूरी करने का लक्ष्य रखा गया था। डॉ. अनिल ने बताया कि उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को आगामी चरण में दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन की तिथि पशु मित्र इंगेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष से परामर्श के बाद निर्धारित की जाएगी। कुमारसैन उपमंडल के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन कुमारसैन और रामपुर उपमंडल के अभ्यर्थियों का रामपुर में आयोजित किया जाएगा। शारीरिक परीक्षण के दौरान पशु मित्र उप समिति के अध्यक्ष नायब तहसीलदार कुमारसैन तेंजिन डोलमा और रामपुर के नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा, ग्राउंड कमेटी में बिशेषर भलाइक, कैलाश भलूनी, काम राज हस्टा, सुशील वर्मा, रेखा, संगीता, पशु पालन विभाग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रामपुर में रविवार को पशु मित्र भर्ती के लिए दौड़ लगाते अभ्यर्थी। संवाद