सबसे ज्यादा देऊठी पंचायत में 18 ने भरा नामांकन
नई पंचायत बनी तांदी में एक ही उम्मीदवार ने भरा नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)।
विकास खंड आनी की 36 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए 874 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरकर चुनावी रण को दिलचस्प बना दिया है। निर्धारित तीन तिथियों में हुए नामांकन के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पहले दिन 7 मई को 212 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि 8 मई को 193 उम्मीदवार मैदान में उतरे। नामांकन के अंतिम दिन 11 मई को 443 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे भरे। पंचायत मुख्यालयों में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा। आंकड़ों के अनुसार प्रधान पद के लिए 229 उम्मीदवारों, उपप्रधान पद के लिए 193 और 198 पंचायत वार्डों के लिए 452 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे हैं। आनी खंड की दो पंचायतों को छोड़कर बाकी 36 पंचायतों में चुनाव होना तय माना जा रहा है। प्रधान पद के लिए सबसे ज्यादा मुकाबला देऊठी पंचायत में देखने को मिलेगा। यहां 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। गांव में लोग मजाक में कह रहे हैं कि अब हर गली से एक प्रधान उम्मीदवार निकल आया है। करशेईगाड पंचायत से 14 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है, जबकि लफाली और बखनाओ पंचायतों में 10-10 उम्मीदवार प्रधान बनने की दौड़ में हैं। कोहिला पंचायत में 11 उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। खनी पंचायत से 9 उम्मीदवारों ने ताल ठोकी है। वहीं, बुच्छेर, फनौटी, कमांद और खनाग पंचायतों से 8-8 उम्मीदवार मैदान में हैं। कराणा-1, लगौटी, मुहान, मुंडदल, पोखरी और रोपा पंचायतों में 7-7 उम्मीदवार चुनावी दंगल में उतर चुके हैं। आनी, दलाश, टकरासी और बटाला पंचायतों में भी मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है। यहां 6-6 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरी ओर हाल ही में नई बनी तांदी पंचायत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां प्रधान पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल हुआ है। स्थानीय लोग इस पंचायत को निर्विरोध चुनकर नई मिसाल कायम करने की बात कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है, तो तांदी पंचायत क्षेत्र में सौहार्द और एकता का अनोखा उदाहरण पेश करेगी। पंचायत निरीक्षक जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि नामांकन पत्रों की छंटनी और समीक्षा 12 मई को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। नामांकन वापसी की प्रक्रिया 14 और 15 मई को शाम 3 बजे तक चलेगी। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। पंचायत चुनावों का मतदान 26, 28 और 30 मई को संपन्न होगा।