रोहड़ू। राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा में बुधवार को कॅरिअर काउंसलिंग एवं गाइडेंस सेल और बीवॉक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेंटम वर्क स्किल प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीमा काॅलेज के बीवॉक, बीसीए, बीबीए, बीकॉम, बीएससी, बीए, पीजीडीसीए, फैशन डिजाइनिंग, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों सहित राजकीय महाविद्यालय संजौली, सरस्वतीनगर काॅलेज और रामपुर काॅलेज से सौ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। छात्रों को उनके कौशल और क्षमताओं के आधार पर 18,000 से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन प्रस्तावित किया गया। इस अवसर पर कई कंपनियों ने भाग लिया।एचआर अधिकारी राजीव नैयर ने प्रतिभागियों की क्षमता का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों को आने वाले दिनों में सूचित कर दिया जाएगा। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ललिता रावत ने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट ड्राइव से छात्रों को अपने कौशल को निखारने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. मोहिंद्र, बीवॉक नोडल अधिकारी प्रो. सुनील नेगी, सेंटम वर्क स्किल के वरिष्ठ प्रबंधक शिव कुमार भी उपस्थित रहे।