रामपुर बुशहर। रामपुर में सात दिवसीय ऑल इंडिया हिमट्रैक शिविर के पांचवें दिन वीरवार को कैडेटों ने रचोली मंदिर का भ्रमण किया। रामपुर कॉलेज में आठ एचपी बटालियन रामपुर के तत्वावधान में शिविर चल रहा है। शिविर 18 मई से 25 मई तक चलेगा। शिविर में कैडेट अनुशासन, टीमवर्क और सहनशीलता का परिचय दे रहे हैं। मंदिर पहुंचकर सभी कैडेटों ने स्थानीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी ने मंदिर में शीश नवाया। शिविर के एडजुटेंट कैप्टन डॉ. संदीप ने कहा कि शिविर में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय के तहत आने वाले आठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालय भाग ले रहे हैं। कैडेटों में साहसिक भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास हो रहा है। शिविर के आगामी दिनों में कैडेट विभिन्न प्रशिक्षण और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेंगे।