रामपुर और रिकांगपिओ कॉलेज के कैडेट्स ने एनसीसी पीएम रैली में बिखेरे किन्नौरी संस्कृति के रंग। स
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देश की राजधानी में आयोजित हुए एनसीसी पीएम रैली में किन्नौर और रामपुर महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट ने भाग लिया। इस रैली में कैडेट ने जनजातीय जिला किन्नौर की समृद्ध संस्कृति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। 8 एचपी बटालियन एनसीसी के तहत पीजी कॉलेज रामपुर और ठाकुर सेन नेगी रिकांगपिओ कॉलेज के एनसीसी कैडेट ने पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ डायरेक्टरेट के तत्वावधान में पीएम रैली में सफलतापूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का संचालन गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर अनुशंका के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। साथ ही राजकीय महाविद्यालय रामपुर के एएनओ लेफ्टिनेंट मोहन सिंह नेगी और रिकांगपिओ कॉलेज के सीटीओ शांता कुमार ने कैडेट का मार्गदर्शन किया। प्रधानमंत्री रैली के दौरान एनसीसी कैडेट ने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध किन्नौरी संस्कृति का राष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति में किन्नौर जनजाति की पारंपरिक वेशभूषा, विशिष्ट टोपी, लोकनृत्य, पारंपरिक आभूषण और लोकधुनों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में दर्शाया। कैडेट की इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने किन्नौर की सामाजिक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल बीएमएस परमार और कर्नल विपिन सरकैक ने कैडेट के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर किन्नौरी संस्कृति के सफल प्रतिनिधित्व के लिए कैडेट की सराहना की।