रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में विश्व योग दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय कैडेट कोर और कन्या छात्रावास के विद्यार्थियों ने योग और ध्यान किया। शहर के साथ लगती जगातखाना पंचायत स्थित शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी रोजाना करें योग, रहें निरोग का संदेश दिया। डंपिंग यार्ड चाटी में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों ने योग की विभिन्न क्रियाएं की और लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। उपमंडल रामपुर के डंसा में भी स्कूली बच्चों ने योग कर ग्रामीणों को जागरूक किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ सहायक आचार्य राजेश नेगी ने कहा कि जीवन को स्वस्थ एवं सकारात्मक बनाने के लिए योग और ध्यान आवश्यक है। इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी प्रो. नरेंद्र सैनी, कैडेट्स सहित कई अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।