किन्नौर जिले के निगुलसरी में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते मंत्री जगत सिंह नेगी। संवाद
निगुलसरी प्वाइंट से बड़ा-कंबा स्पेन को शीघ्र दुरुस्त करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार रात को राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच में निगुलसरी में बाधित हुई सड़क का औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने बहाली कार्य में लगे अधिकारियों और मजदूरों का मनोबल बढ़ाया। वहीं, उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच के अधिकारियों और मशीन ऑपरेटरों से सीधा संवाद स्थापित किया। उनके प्रयासों की सराहना की, जिससे जनजातीय जिला किन्नौर के लोगों को राहत मिल सके। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में कार्य करने के लिए उनके हौंसले को सलाम किया और जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री ने निगुलसरी प्वाइंट से बड़ा-कंबा स्पेन को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि आपदा के समय किसान और बागवान अपनी नकदी फसलों को सब्जी मंडी तक पहुंचा सके। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, डीएसपी भावानगर राज कुमार, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, एनएच पांच प्राधिकरण के अधिकारीग सहित पंचायत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।