रामपुर में बुशहर कबड्डी संघ ने कबड्डी टीम की खिलाडिय़ों का किया स्वागत। स्रोत : संघ
टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा बोलीं, भारतीय टीम का हिस्सा होना गर्व की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रिकांगपिओ में आयोजित हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री से प्रेरणा स्रोत पुरस्कार प्राप्त करने के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम के खिलाड़ी वीरवार को रामपुर पहुंचे। यहां बुशहर कबड्डी संघ ने इन खिलाड़ियों को सम्मानित किया। रामपुर पहुंचने पर भारतीय कबड्डी टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा निवासी जिला सिरमौर, भावना शर्मा निवासी जिला मंडी और चंपा ठाकुर जिला चंबा का बुशहर कबड्डी संघ के महासचिव दलीप भलूनी, संघ के संस्थापक सदस्य संजय सूद और तरुण शर्मा ने स्वागत किया। खिलाड़ियों ने संघ के सदस्यों ने मुलाकात की और कुछ विषयों पर चर्चा की। पुष्पा राणा ने बताया की हिमाचल की बेटियों को प्रदेश, देश-विदेश में सम्मान मिल रहा है। भारतीय टीम का हिस्सा होना सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया की सरकार खिलाड़ियों को पूरी सुविधाएं प्रदान कर रही है। इस वजह से खिलाड़ी भी हर जीत हासिल करने के लिए अपना दमखम लगाते हैं। उन्होंने सरकार ने अपील की है कि खिलाड़ियों को सरकार यदि जल्द किसी सरकारी नौकरी की सौगात देती है, तो उनका भविष्य सुखद और सुरक्षित होगा। बीते साल नवंबर में बांग्लादेश में हुई विश्व कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम को जीत हासिल हुई। इसमें टीम में हिमाचल के कई खिलाड़ी शामिल रहे।