रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान रामपुर में स्थानीय अवकाश घोषित न होने पर बुशहर शिक्षक संघ ने प्रशासन के प्रति विरोध जताया है। संघ के अध्यक्ष डॉ. एसएस टैगोर ने कहा कि 11 नवंबर का निर्धारित स्थानीय अवकाश भैया दूज के सार्वजनिक अवकाश में शामिल हो जाने के कारण कर्मचारियों को लवी मेले का अलग से अवकाश नहीं मिल पाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने रामपुर के एसडीएम को व्यक्तिगत रूप से मांगपत्र सौंपकर 13 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने का आग्रह किया था, लेकिन प्रशासन ने इस मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया। डॉ. टैगोर ने कहा कि लवी मेले का ऐतिहासिक केंद्र रामपुर होने के बावजूद यहां के कर्मचारियों को अवकाश से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने निरमंड में स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने का स्वागत करते हुए रामपुर प्रशासन के रवैये की निंदा की। उन्होंने कहा कि लवी मेला रामपुर की सांस्कृतिक पहचान है और कर्मचारियों को भी इसमें भाग लेने का अवसर मिलना चाहिए।