नित्थर (कुल्लू)। आनी-लूहरी-नित्थर-रामपुर बस तीन दिन से अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही है। इस कारण कई पंचायतों के सैकड़ों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों की भी दुश्वारियां बढ़ गई हैं। यह बस दोपहर 12:00 बजे के करीब चलती है और लूहरी, घोरला, रेची, नित्थर और देहरा होते हुए रामपुर पहुंचती है। सबसे ज्यादा दिक्कतें स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है, जबकि यह बस शाम 4:00 बजे नित्थर से चलती है। इस बस में देहरा पंचायत के धनाह, आनस गांव से स्कूली बच्चे आते हैं। सरकार नई बसें लाने में असमर्थ हो रही है और पुरानी बसों का उचित रखरखाव नहीं हो पा रहा है। इस कारण पहाड़ी क्षेत्रों में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सफर करना मुश्किल हो गया है। उधर, अड्डा प्रभारी आनी इंद्र सिंह का कहना है कि बस तो भेजी गई थी लेकिन बस अलग-अलग जगह खराब हुई है। बुधवार को शानी में खराब हुई। बसों की कमी से हिमाचल पथ परिवहन निगम गुजर रहा है।