चौपाल में हिमपात के बाद खड़ी परिवहन निगम की बसे
चौपाल- शिमला मार्ग पर दोपहर तक नहीं चली बसें
शाम बजे बिजली भी ठप, अंधेरे में डूबा क्षेत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल में दो माह के इंतजार के बाद बादल किसानों-बागवानों पर मेहरबान हुए हैं। वहीं, जनजीवन भी अस्त-व्यस्त रहा। सोमवार को चौपाल से शिमला के लिए बसें नहीं भेजी गईं, वहीं उपमंडल में शाम पांच बजे बिजली भी गुल हो गई, जिससे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। बर्फबारी के चलते प्रशासन ने बर्फ को हटाने के लिए सड़कों पर मशीनरी तैनात कर दी है। रविवार शाम साढ़े छह बजे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश से तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। वहीं, किसानों-बागवानों को राहत मिली है। जनवरी के पहले दो-तीन और बर्फबारी होती है तो सेब की फसल के चिलिंग ऑवर्स आराम से पूरी हो पाएगी। इसके आलावा किसान गेहूं की बिजाई शुरू कर सकेंगे। वहीं, हिमपात के चलते चौपाल-शिमला मार्ग पर फिसलन होने से यातायात बंद हो गया है। सोमवार को चौपाल से शिमला के लिए बसें नहीं भेजी गई। एसडीएम चौपाल हेम चंद वर्मा ने बताया कि बर्फबारी से निपटने के लिए प्रशासन ने सभी इंतजाम कर लिए हैं। रविवार को हुई बर्फबारी के चलते चौपाल-शिमला मार्ग पर चौपाल और देहा के बीच फिसलन होने की वजह से यातायात बंद है। मार्ग से बर्फ हटाने के लिए मशीनरी तैनात कर दी है। शाम तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।