पांच किलोमीटर सड़क पर सफल रहा बस का ट्रायल
हजारों ग्रामीणों को जल्द मिलेगी बस सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर की पूनंग पंचायत के हजारों ग्रामीणों के लिए एचआरटीसी की बस सेवा वीरवार से शुरू हो गई। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। निचार खंड की दुर्गम पंचायत पूनंग के ग्रामीण वर्षों से बस सेवा का इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों को टैक्सियों में भारी भरकम किराया देकर सफर करना पड़ रहा था। कई ग्रामीणों को पैदल सफर कर अपने गंतव्य तक जाना पड़ रहा था। भावानगर के एसडीएम नारायण चौहान की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग और परिवहन निगम के अधिकारियों ने छोल्तू से पूनंग तक पांच किलोमीटर सड़क का निरीक्षण किया। उसके बाद सड़क पर बस का ट्रायल हुआ, जो सफल रहा। इस अवसर पर पथ परिवहन अड्डा प्रभारी रिकांगपिओ सुमन नेगी, लोक निर्माण विभाग टापरी के एसडीओ विद्या कुमार नेगी, थाना प्रभारी टापरी शिव कुमार और पूनंग पंचायत के प्रधान पूर्ण भगती नेगी सहित कई मौजूद रहे।