उप तहसील नित्थर की डवार्च-शारवी-कुटल सडक़ । संवाद
. चार पंचायतों के ग्रामीणों को आवाजाही के लिए झेलनी पड़ रही परेशानी
. ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष
. कुटल में पथ परिवहन निगम की एक बस भी है फंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर की मुख्य डवार्च-शारवी-कुटल सड़क बरसात के बाद यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई है। तीन महीने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा ठप पड़ी है। चार पंचायतों के ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क बहाल न होने पर लोगों में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। सड़क पर कई जगह डंगे गिरे हुए हैं। लगोनी में गिरे डंगे को डवार्च और उसके साथ अन्य गांवों के ग्रामीणों ने खुद ठीक किया। ग्रामीणों का कहना है कि डंपर, टिपर और सिलिंडर की गाड़ियां यहां से निकल रही हैं, तो बस क्यों नहीं चल रही है। विभाग इस सड़क को पास नहीं कर रहा है। सड़क में कोई कमियां हैं, तो उनको दुरुस्त किया जाए। रामपुर से सराहर बस इस सड़क से चलती है। बस सेवा बंद होने से दुराह, सराहर और शिल्ली पंचायत के हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन महीने से कुटल में निगम की बस भी फंसी हुई है। शारवी शेदरी में भी अभी तक सड़क काफी संकीर्ण बनी हुई है। बस अड्डा प्रभारी रामपुर स्वरूप का कहना है कि लोक निर्माण विभाग अगर क्लीयरेंस दे देता है, तो बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। लोक निर्माण विभाग नित्थर के कनिष्ठ अभियंता हिमांशु कटोच ने कहा कि सड़क को जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। दो चार दिन में ये दोनों सड़कें यातायात के लिए बहाल कर दी जाएंगी।