नेरवा बाजार की टूटी फूटी कच्ची नालियां में भरी गंदगी। संवाद
गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और बदबू फैल रही
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा बाजार में निकासी नालियों की खराब स्थिति से दुकानदार और लोग परेशान हैं। कई स्थानों पर नालियां क्षतिग्रस्त हैं। कुछ जगह नालियां बनी ही नहीं हैं। इससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और बदबू फैल रही है। तीन वर्षों से लोग लोक निर्माण विभाग से पक्की नालियां बनाने की मांग कर रहे हैं। गंदे पानी के कारण मच्छर पनप रहे हैं। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। पैदल चलने वाले लोगों को कुछ स्थानों पर नाक पर रुमाल रखना पड़ रहा है। रवि सूद, संजू शेख, अजय कुमार, शुभम पाल व अन्य दुकानदारों ने बताया कि दुर्गंध और मच्छरों से वातावरण खराब हो रहा है। उन्होंने टूटी नालियों का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण करवाने की मांग की है। विभाग की अनदेखी के कारण बाजार के एक हिस्से में लोगों ने अपने खर्चे पर नालियां बनवाई हैं। लोक निर्माण विभाग नेरवा उपमंडल के सहायक अभियंता सुनील शर्मा ने बताया कि नालियां बनाने के लिए फिलहाल कोई बजट उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट का प्रावधान होते ही नालियों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।