पिछले साल बादल फटने से कुर्पण खड्ड में आई थी भयंकर बाढ़, बह गया था आधा बाजार
जनप्रतिनिधियों ने बजट स्वीकृत करने के लिए जताया मुख्यमंत्री का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। उपमंडल निरमंड बागीपुल क्षेत्र में कुर्पण खड्ड का 5.92 करोड़ रुपये से तटीकरण किया जाएगा। साल 2024 में खड्ड में आई भयंकर बाढ़ से बागीपुल का आधा बाजार और पुल बह गया था। इसके बाद से ही खड्ड के तटीकरण की मांग की जा रही थी, ताकि भविष्य में इस तरह का नुकसान न हो। अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने तटीकरण के कार्य करने के लिए बजट की स्वीकृति दी है। 31 जुलाई 2024 को श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा मार्ग के भीम डवारी में बादल फटने से कुर्पण खड्ड में भयंकर बाढ़ आ गई थी। इसका असर बागीपुल में देखने को मिला। कस्बे में पुल और आधा बाजार बह गया था। लोगों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। कई लोगों को काम धंधा भी छिन गया। बागा सराहन नोर फाटी का पटवार वृत्त केंद्र भी बाढ़ में बह गया था। बागा सराहन पंचायत के पूर्व उपप्रधान मनसा राम ठाकुर, व्यापार मंडल बागीपुल के अध्यक्ष संतोष बंसल और खुशी राम ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बताया कि बाढ़ में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति की एवज में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बागीपुल क्षतिग्रस्त क्षेत्र के लिए करीब 5.92 करोड़ रुपये की राशि खड्ड किनारे सुरक्षा दीवार के लिए स्वीकृत की है। उन्होंने इस राशि को स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, लाडा अध्यक्ष एवं विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर का आभार जताया है।