रामपुर बुशहर। नोगली में पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान बीयर, देसी और अंग्रेजी शराब की 218 बोतलें बरामद की हैं। दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस थाना रामपुर की टीम बुधवार को नोगली क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से विभिन्न ब्रांड की बीयर, अंग्रेजी और देसी शराब की 218 बोतलें बरामद हुईं। आरोपियों की पहचान मंडी जिला के करसोग तहसील, गोवालपुर, शनोग निवासी 24 वर्षीय मुनीश कुमार और कुल्लू जिला के आनी तहसील, शावर, चिमनी गांव निवासी 33 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना रामपुर में मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है।