संवाद न्यू एजेंसी
पूह (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के शियासो पुल के पास हिमपात में फिसलन के कारण एनएच पांच से एक बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, वीरवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक बोलेरो कैंपर एचपी 26 ए 3498 पूह से स्पीलो की ओर जा रही थी। जैसी ही कैंपर शियासो पुल के पास पहुंची, तो गाड़ी बर्फ में फिसल कर एनएच से 20 फीट नीचे शियासो खड्ड में जा गिरी। कैंपर में सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आई है। गनीमत रही कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। इस हादसे में घायल चालक 31 वर्षीय अनुराग, गांव शियासो, तहसील पूह, जिला किन्नौर को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी पूह पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया, जबकि दो अन्य व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं, डीएसपी रिकांगपिओ नवीन जाल्टा ने हादसे की पुष्टि की है। एडीएम पूह एवं जिला पर्यटन अधिकारी किन्नौर डॉ. शशांक गुप्ता ने जिले भर के लोगों से आग्रह किया है कि बर्फबारी में बिना वजह वाहनों में सफर न करें। घरों पर रहें, अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।